टनकपुर/ बनबसा। भारत नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई से हडकम्प मचा हुआ है। सीमा पर तैनात सशस्त्र बल के जवानों की मुस्तैदी से आए दिन अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को 11 लख रुपए की भारतीय मुद्रा के साथ नेपाली नागरिक को सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने चेकिंग के दौरान बॉर्डर पर धर दबोचा।
जानकारी के मुताबिक 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट मनोहर लाल के दिशा निर्देश पर सीमा बल, सितारगंज के नेतृत्व में सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसबी के सतर्क जवानों ने एक नेपाली नागरिक के पास से बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपी भारतीय करेंसी अवैध रूप से भारत से नेपाल ले जा रहा था। भारत नेपाल सीमा पर सशस्त्र बल चौकी बनबसा का एक जाँच दल अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान हरी बहादुर, पिता – डाल बहादुर (उम्र 49 वर्ष), निवासी – ग्राम बजांग, जिला कलाली धन्गरी, नेपाल, भारत से नेपाल जाने हेतु सीमा पर पहुँचा। एसएसबी की सतर्कता और संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से कुल ₹11,00,000/- (ग्यारह लाख रुपये) की भारतीय मुद्रा बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह दिल्ली के कप्सेरा बॉर्डर क्षेत्र में चिकन की दुकान चलाता है। जब उससे इतनी बड़ी राशि से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर एसएसबी द्वारा भारतीय मुद्रा जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को सीज़र मेमो के साथ बनबसा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई से एक बार फिर यह सिद्ध हुआ है कि सशस्त्र सीमा बल की मुस्तैदी और तत्परता से सीमा क्षेत्र में हो रही तस्करी पर सख्त लगाम लगाई जा रही है। यह अभियान एसएसबी की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों को तस्करी, भय और अपराध मुक्त बनाना है। इस अभियान में निरीक्षक लाल चंद के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक जयपाल, आरक्षी प्रियंका कुमारी, मुकेश कुमार, नेहा सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




