रामपुर, पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा सरकार में आजम खां को डिप्टी सीएम नहीं बनाया। उनका इस्तेमाल किया, उनकी कौम का वोट भी लिया, लेकिन जब हिस्सेदारी देने की बात आई तो पार्टी ने हिस्सेदारी नहीं दिया। वह आज जिस मामले में जेल में बंद हैं, समाजवादी पार्टी ने उनको फंसाया है। अगर सपा सरकार ने कानून के दायरे में रहकर काम किया होता तो आजम खां जेल में नहीं होते।
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सद्भावना मंडप में पत्रकारों से रूबरू हुोते हुए कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खां के साथ पक्षपात किया है। कहा कि मैं सीतापुर में आजम खां से मिलने जा रहा था तो अखिलेश यादव ने कहा कि आप न जाएं। हम उनको किनारे लगा रहे हैं, आप उन्हें बढ़ाने जा रहे हैं। अखिलेश यादव को गुलाम नेता चाहिए। जो गूंगा-बहरा रहे।
शिक्षा के सवाल पर बोले कि सपा की चार बार सरकार रही। एक यूनवर्सिटी को मदरसे से अटैच कर दिए होते या माध्यमिक मदरसा बोर्ड बना दिए होते तो आज दुगर्ति नहीं होती। आजम खां की जो स्थिति है, उसके लिए समाजवादी पार्टी जिम्मेदार है। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
अगर मंगेश यादव जाति बता रहे हैं तो 67 मुस्लिम अपराधी मारे गए हैं, 18 राजपूत मारे गए हैं, 20 ब्राह्मण मारे गए हैं, 17 जाट और गुर्जर मारे गए हैं, 24 अन्य अति पिछड़ा वर्ग के बदमाश मारे गए हैं, जबकि सिर्फ मंगेश यादव पर चर्चा हो रही है। मुसलमानों, जाट, गुर्जर पर अखिलेश क्यों नही बोलते हैं। यह जाति को बढ़ावा देने की बात है। वोट सभी का लेंगे। उन्होंने चार बार की सरकार में लोगों को धोखा दिया है।





