किच्छा। कोतवाली अंतर्गत आजाद नगर क्षेत्र में घर पर फ्रिज रिपेयरिंग करने के दौरान मिस्त्री के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। इस बीच एक 13 वर्षीय बालक मौके पर फंस गया। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल बालक को सकुशल बाहर निकाला। घटना में करीब 5 लाख रुपए कीमत का सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड नंबर 2 आजाद नगर निवासी दीपक सरकार पुत्र कालीपद सरकार ने घर का फ्रिज खराब होने के बाद फ्रिज रिपेयरिंग के लिए वार्ड नंबर 18, किच्छा निवासी शाहिद सैफी से संपर्क किया था। फोन पर बात होने के बाद सोमवार की दोपहर शाहिद फ्रिज रिपेयरिंग करने के लिए दीपक सरकार के घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि फ्रिज रिपेयरिंग करने के दौरान अचानक शाहिद के एक किलो वजन के गैस सिलेंडर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि सिलेंडर में आग लगने के बाद शाहिद ने सिलेंडर बाहर की तरफ फेंक दिया, लेकिन दरवाजे से टकराने के बाद सिलेंडर कमरे में चला गया। कुछ ही देर में कमरे में रखे कपड़े बिस्तर में आग लग गई। इस दौरान दीपक सरकार का करीब 13 वर्षीय पुत्र कमरे में फंस गया। पड़ोसियों द्वारा घर की दूसरी दिशा से लकड़ी के बोर्ड को तोड़कर बालक को सकुशल बाहर निकाला। घरेलू सामान में आग लगने के बाद अचानक गैस सिलेंडर फट गया और पूरे घर में आग फैल गई। देखते ही देखते घर में रखी लकड़ी की दो अलमारी, वाशिंग मशीन, कूलर, कपड़े, बिस्तर, घरेलू सामान, डबल बेड, चारपाई, बच्चों के कपड़े, अनाज सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना पर पूर्व ग्राम प्रधान राजकुमार कोहली सहित तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना के बाद कुछ देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था। अग्निकांड में करीब 5 लाख रुपए कीमत का घरेलू सामान जलकर खाक होने की संभावना जताई जा रही है। घटना की जानकारी पर वरिष्ठ भाजपा संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचकर स्थिति का तथा पीड़ित को आश्वासन दिया।




