रुद्रपुर – सुबह सड़क हादसों में जहां एक डॉक्टर और ट्रांसपोर्टर की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पुलिस ने डंपर चालक की सरगर्मी से तलाश तेज कर दी है। सड़क हादसों को लेकर नेताओं ने जहां परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं ओवरलोड डंपर के संचालन पर भी आक्रोश जताया।
यहां बता दें कि रतन फार्म शक्तिफार्म तीन निवासी 46 वर्षीय मंटू चंद्र राय लंबाखेड़ा में एक क्लीनिक संचालित करता है। पेशे से एक चिकित्सक था और परिवार के साथ शिवपुर गांव में किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात्रि क्लीनिक बंद कर वह बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच जाफरपुर के समीप अचानक ओवरलोड डंपर संख्या यूपी-25 ईटी-1658 ने टक्कर मार दी और चिकित्सक को रौंदता हुआ फरार हो गया।
हादसा इतना भयावह था कि हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरा हादसा शुक्रवार की सुबह तड़के हुआ। जब लालपुर आइडिया कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर का बेटा प्रीत पाल सिंह लालपुर स्थित पेट्रोल पंप पर गाड़ी में डीजल भरवाने के लिए गया और पैसे निकालने के लिए सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार अज्ञात ओवरलोड डंपर ने युवक को रौंद डाला। घटनास्थल पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और समाजसेवी सुशील गाबा ने परिवार को ढांढस बंधाया और ओवरलोड डंपर संचालन पर आक्रोश भी जताया।


