रुद्रपुर। एएनटीएफ व ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने गश्त के दौरान कृष्णा कालोनी में एक नशा तस्कर को लाखों रुपये कीमत की अवैध स्मैक सहित गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी एएनटीएफ उप निरीक्षक कौशल भाकुनी साथी पुलिस कर्मियों उप निरीक्षक गणेश पाण्डे, एएनटीएफ के कांस्टेबल संतोष रावत, विनोद खत्री, ट्रांजिट कैम्प थाने के कांस्टेबल कल्याण सिंह, कमल जोशी के साथ गश्त करते कृष्णा कालोनी पहुंचे तो गली में एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पता आकाश पाल उर्फ कलुवा उर्फ दुर्लभ पुत्र छत्रपाल सिंह मूल निवासी ग्राम मालन खेड़ा थाना कैमरी तहसील बिलासपुर जिला रामपुर हाल निवासी वार्ड 10 कृष्णा कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से पन्नियों में स्मैक बरामद हुई। उसने बताया कि यह स्मैक वह ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति से खरीदकर लाया है। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तोलने पर पन्नी सहित कुल 35.34 ग्राम स्मैक पायी गई। जिसकी कीमत लाखों रूपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद स्मैक कब्जे में लेकर आकाश पाल को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।




