रुद्रपुर। यहां आदर्श कालोनी से करीब डेढ़ माह पूर्व लापता हुये बालक 12 वर्षीय हमजा बेग को सकुशल बरामद कर लिया गया है। लाल कुंआ से बरामद पुलिस के सुपुर्द किया गया। बालक के सकुशल बरामद के होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने खुशी की लहर दौड़ गई और वह दौड़े-दौड़े लालकुंआ थाने पहुंचे। जहां बालक को गले लगाकर उनकी आंखो से आंसु छलक गए। गौरतलब है कि गत दो जुलाई को बालक हमजा बेग अपने घर के पास से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। अंतिम बार उसे सीसीटीवी फुटेज में रेलवे स्टेशन रुद्रपुर के पास देखा गया था। इसके पश्चात उसका कहीं कोई सुराग लग पा रहा था। परिजनों द्वारा पुत्र की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर एसएसपी, एएसपी, सीओ व कोतवाल की चौखट पर अपने शुभचिंतकों व विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक दलों के साथ गुहार लगाई। जहां पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को भरोसा दिलाया गया कि लापता हमजा बेग की पुलिस अपने स्तर खोजबीन कर रही है। परन्तु परिजन इससे आश्वस्त नहीं हो पा रहे थे। आज जब परिजनों को लालकुंआ थाने से यह जानकारी मिली कि एक व्यक्ति बालक हमजा बेग को सकुशल थाने में लेकर आया है तो परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और वह भागे-भागे लालकुंआ थाने पहुंचे और हमजा बेग को गले लगा लिया। वही पुलिस का कहना है कि जो व्यक्ति हमजा बेग को लेकर आया है उससे सघन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। इधर हमजा बेग की सकुशल बरामदगी की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं समाजसेवी संजय ठुकराल उसके आदर्श कालोनी स्थित आवास पहुंचे। जहां उन्होंने हमजा बेग के पिता शब्बू बेग व अन्य परिजनों को बेटे की सकुशल बरामदगी पर खुशी जाहिर करते हुए शुभकामनाएं दी।




