रूद्रपुर। निजी चिकित्सालय की नर्स तस्लीम जहां की हुई हत्या के मामले की सीबीआई जांच कराये जाने की मांग को लेकर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में एक दिवसीय धरना दिया। धरना स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने जनपद पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यहां की पुलिस से किसी प्रकार से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती है। जनपद मुखिया सहित पूरा पुलिस महकमा पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
तिलकराज बेहड़ ने कहा कि तसलीम जहां मामले में पुलिस खुलासे के नाम पर महज खानापूर्ति कर रही है। इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं उनके नामों का भी खुलासा कर उन्हें सलाखों के पीछे बंद किया जाना चाहिए। श्री बेहड़ ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से ओवर लोड वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं वहीं नो इंट्री में भी भारी वाहन शहरों में प्रवेश कर रहे हैं। जिस कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि तस्लीम जहां मामले की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि वास्तविकता सामने आ सके। सभा को युंका प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, महासचिव निशांत शाही आदि ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान सौरभराज बेहड़, मोहन कुमार, आसिम पाशा, साहल कक्कड़, परवेज कुरैशी, डॉली साना, मोनिका ढ़ाली, उमा सरकार, मीना शर्मा, सचिन शर्मा, प्रकाश अधिकारी, अभिषेक हाल्दार, बंटी पपनेजा, राघव चड्डा, रविन्द्र गुप्ता, तसलीम रजा, अराज सिद्धू, रंजीत राणा, किशोर कुमार, हरिन्दर पाल, सोफिया मानी, फैजल खान, बबलू चौधरी, रंजीत सिंह, दर्शन कोली, गुड्डू तिवारी आदि मौजूद थे।




