रुद्रपुर। कंपाइन ठीक करने के लिए बाइक सवार युवक की छोटा हाथी वाहन की टक्कर से मौत हो गयी। हादसे में मारा गया युवक कंपाइन का मैकेनिक था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद छोटा हाथी वाहन चालक फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक बेलखेड़ी बिलासपुर रामपुर निवासी 28 वर्षीय बलजीत सिंह पुत्र काला सिंह शनिवार सुबह अपने घर से कंपाइन ठीक करने के लिए बाइक पर नानकमत्ता के लिए निकला था। जाफरपुर क्षेत्र के लम्बाखेड़ा में भट्टे के पास सामने आ रहे छोटा हाथी वाहन संख्या यूके 06सीबी 1767 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरे बलजीत के सिर के उपर से छोटा हाथी का पहिया निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद छोटा हाथी वाहन को मौके पर छोड़कर वाहन चालक फरार हो गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था कुछ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका दो साल का एक पुत्र है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस छोटा हाथी वाहन के चालक की तलाश कर रही है।




