रुद्रपुर । सुरक्षित क्षेत्र माना जाने वाला पंत विवि परिसर भी अब सुरक्षित नहीं रह गया है। रक्षाबंधन पर मूल निवास गये विवि के एक अधिकारी के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवर और हजारों की नगदी चोरी कर ली। मामले की रपट दर्ज करा दी गई है। दर्ज रपट में वीके मिश्रा पुत्र स्व. एसएन मिश्रा निवासी एन-4 नगला पंतनगर ने कहा है कि वह पंतनगर विश्वविद्यालय में संस्थापनाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं तथा नगला डेरी कालोनी में आवासित है । 30 अगस्त की सांयकाल रक्षाबंधन के अवसर पर अपने गृह नगर बरेली गया था तथा 1 सितम्बर को प्रातः 8 बजे वापस लौटा तो मुख्य द्वार का ताला मुडा देखा । घर के अन्दर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। दोनो कमरे में अल्मारियाँ तोड उसके लॉकर में रखे समस्त जेवरात निकाल लिये गये थे। चोरों द्वारा आंगन के रास्ते से लोहे का दरवाजा तोड़कर तथा लोहे की जाली तथा सरिया काटकर घर में प्रवेश किया गया। उनका कहना है चोरी हुए सामान में नकद धनराशि लगभग 30-35 हजार रुपये, 35-40 चांदी के सिक्के, सोने का मंगलसूत्र,चैन, कान के कुंडल टॉप्स, अंगूठियां, पन्ने की अंगूठियां,नाक की लौंग नथ, मांगटीका तथा असली मोती हैदराबादी, डिजिटल कैमरा शामिल है। पुलिस ने मामले की रपट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




