रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे भाई बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा है। बताया जा रहा है की भाई द्वारा अपनी सगी बहन की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस हत्या व आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार चदुआ बरेली निवासी 23 वर्षीय सुनील कुमार ने चार दिन पहले अपनी 19 वर्षीय बहन करिश्मा के साथ सिंह कॉलोनी गली नंबर दस स्थित अमोलक के मकान में किराए पर कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह सुनील का बहनोई रवि कुमार कमरे पर आया और काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजे के नीचे झांककर देखा। जहां सुनील का शव लटका हुआ था और करिश्मा का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। जिसे देखकर रवि के हाथ पांव फूल गए और वह तुरंत आदर्श कॉलोनी चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सदर निहारिका तोमर, कोतवाल धीरेंद्र कुमार और चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जहां पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वहां सुनील का शव फंदे से लटका था, जबकि करिश्मा का शव नीचे जमीन पर पड़ा था। घटना स्थल का मंजर देखकर प्रथम दृष्टया अंदाजा लगाया जा रहा है कि भाई ने पहले बहन की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद खुद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मकान स्वामी व बहनोई से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या और आत्महत्या की वजह की तफ्तीश शुरू कर दी है।




