रुद्रपुर। डीडी चौक स्थित किच्छा बाईपास रोड पर एक दोपहिया वाहन सवार का सीपीयू द्वारा दो बार चालान कर देने से गुस्साए लोगों ने सीपीयू के खिलाफ हंगामा कर दिया। लोगों ने सीपीयू पर बेवजह लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि शुक्रवार को डीडी चौक स्थित किच्छा बाईपास रोड पर भइर्दपुरा निवासी परमानंद यादव ने बताया कि वह काम से बाजार गए थे वापस आने पर सीपीयू कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। सीपीयू ने जब कागजात मांगे तब उन्होंने कागजात दिखा दिए इसके बाद भी सीपीयू ने उसका ढाई हजार का चालान कर उसके हाथ में थमा दिया। इसके बाद कुछ दूर जाने के बाद फिर से उसका चालान काट दिया गया। दो बाद चालान होने की सूचना पर एकत्र हुए लोगों ने सीपीयू पर आम लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप मढ़ते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा होने पर खुद को घिरता देख सीपीयू के कर्मचारी वहां से निकल गए। इसी बीच हंगामे का किसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। कुछ ही देर में वीडियो वायरल हो गया। हर कोई वीडियो देखकर सीपीयू की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता नजर आया। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीपीयू कर्मचारी शहर में कही भी चोरी छिपे खड़े होकर हेलमेट की चेकिंग करने लगते हैं। बिना हेलमेट देख युवक को सीपीयू के कर्मचारी धोखे से झपटते हुए रोकते हैं। इससे हादसा होने का डर लगा रहता है। पहले भी कई बार सीपीयू के अचानक रोकने से हादसे हो चुके हैं। वहीं शहर में जगह-जगह यातायात व्यवस्था बिगड़ी रहती है, मगर सीपीयू के कर्मचारी कभी यातायात व्यवस्था को संभालते नहीं दिखाई देते हैं। हर समय बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों के पीछे दौड़ते दिखाई देते हैं।




