काशीपुर। घने कोहरे के चलते 16 टायर ट्रक मोड़ पर सड़क किनारे खेत में पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई ।जबकि ट्रक में बैठा अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से शव को बाहर निकाला । साथ ही घायल को अस्पताल में भर्ती कराया ।
आईटीआई थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि सोमवार की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि एक खाली 16 टायरा ट्रक परमानंदपुर- लोहियापुल रोड पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना पर पुलिस टीम के साथ वह मौके पर पहुंच गए। बताया कि ट्रक ड्राइवर कोहरे के कारण मोड़ पर मुड़ नही पाया और सीधा सड़क किनारे खेत मे पलट गया। ट्रक चालक अतहर (35) पुत्र हाजी साबुल हसन निवासी थाना असमोली, संभल की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रक में बैठा अन्य चालक वासिफ (35) पुत्र सफक्तूल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर क्रेन बुलाकर शव निकाला गया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




