बरेली, अचानक सायरन गूंजा और देखते ही देखते रोशनी गुल हो गई। चारों तरफ अंधेरा छा गया। कहीं आग की लपटें उठने लगीं तो कहीं घायल पड़े लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें दौड़ पड़ीं। कोई आग बुझाने में जुटा था तो कोई स्ट्रेचर पर घायलों को अस्पताल पहुंचा रहा था। दीवार काटकर लोगों को बाहर निकालने से लेकर सीपीआर देने तक का अभ्यास किया गया। यह किसी वास्तविक हवाई हमले का मंजर नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी।
लिस लाइन में 11 मिनट तक ब्लैकआउट, दीवार काटकर निकाले गए लोग
बरेली की पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से हवाई हमले से बचाव और प्रकाश प्रतिबंध यानी ब्लैकआउट का अभ्यास किया गया। शाम 5:50 बजे एयरफोर्स स्टेशन से हॉटलाइन पर दुश्मन के लड़ाकू विमानों के सीमा में प्रवेश की सूचना मिली। इसके बाद 5:58 बजे एयर रेड का संदेश जारी हुआ और छह बजे सायरन बजते ही ब्लैकआउट कर दिया गया।