रुद्रपुर। 15 जनवरी को भमरौला में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान हो जाने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
भमरौला में रहने वाले फैजान कुरैशी 15 जनवरी को अपने घर में ताला लगाकर अपने ससुराल रामपुर गए थे। इस दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर वहां रखे जेवरात और घरेलू सामान उड़ा लिया। जब वह घर वापस लौटे तो घर के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो ज्वैलरी समेत घर से कीमती सामान चोरी हो चुका था। उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं पुलिस ने जब अपनी जांच शुरू की तो कुछ दूर लगे सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सीसीटीवी में नजर आए संदिग्ध किच्छा रोड पर कहीं जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अफसाना पत्नी अली शेर निवासी भदईपुरा, पवन पुत्र परमेश्वरी गंगवार और आकाश यादव पुत्र सुरेश यादव बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का हार, दो कान की बाली, बैटरी, इनवर्टर, वांशिंग मशीन समेत अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ है।




