रुद्रपुर। नई नजूल नीति का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कार्यवाहक जिलाधिकारी एवं सीडीओ विशाल मिश्रा से मिला। इस दौरान विकास शर्मा ने कहा कि नजूल नीति का लाभ सभी को नहीं मिल पा रहा था, जिसके चलते ही धामी सरकार ने हाल ही में नजूल नीति का सरलीकरण किया है।
अब 50 वर्ग तक के भूखंडों को निशुल्क फ्री होल्ड करने का शासनादेश जारी कर दिया गया है, लेकिन जानकारी के अभाव में इसका लाभ अभी भी पात्रों को नहीं मिल पा रहा। विकास शर्मा ने सीडीओ से कहा कि नजूल नीति के सरलीकरण का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिए सभी वार्डों में कैंप लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भी प्रशासन को पूरा सहयोग देकर अधिक से अधिक लोगों को नीति का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र परिवारों को फ्री होल्ड के फार्म भी जल्द ही वितरित किए जाएंगे। सीडीओ विशाल मिश्रा ने भाजपा नेताओं को मामले में प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बस्तियों में कैंप लगाने के लिए जल्द ही कार्य योजना बनायी जाए गी।




