नानकमत्ता। धार्मिक डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह को गुरुवार की सुबह एक बाइक पर सवार दो लोगों ने गोली मार दी, जिन्हें घायल अवस्था में चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड दिया । घटना की सूचना मिलते ही, थाना अध्यक्ष देवेन्द्र गौरव पुलिस बल के साथ डेरा कार सेवा पहुंचे तथा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजू नाथ टीसी को घटना की जानकारी दी, सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी ,अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल, के साथ ही जिले के कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। धार्मिक डेरा कार सेवा घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी डा. मंजू नाथ टीसी ने यहां कार सेवा डेरा में सेवा करने वाले कई लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली है।
गुरुवार की सुबह करीब छ: बजे धार्मिक डेरा कार सेवा के प्रमुख सेवादार बाबा तरसेम सिंह डेरा कार सेवा के अहाते में कुर्सी पर बैठकर मोबाइल फोन देख रहे थे कि तभी अचानक मेन गेट से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो हथियार बन्द लोग उनके करीब आए, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बदमाश ने बन्दूक से कुर्सी पर बैठे बाबा तरसेम सिंह पर चंद सेकेंडों में एकाएक दो फायर झोंक दिए, गोली लगने से वह वहीं गिर गये,दोनों हमलावर घटना कर मौके से फरार हो गये, गोली चलने की आवाज सुनकर डेरे में सेवा कर रहे सेवादारों द्वारा बाबा तरसेम सिंह को गंभीर हालत में उपचार के लिए खटीमा चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर ,पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही तमाम लोगों की भीड़ डेरे में पहुंच गयी, मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी जिले के पुलिस कप्तान डॉ. मंजूनाथ टीसी को दी ,जिन्होने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली, इस दौरान एस एस पी मंजूनाथ टीसी ने डेरा कार सेवा में सेवा करने वाले कई कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।घटना के बाद डेरे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ.योगेंद्र सिंह रावत ने डेरा कार सेवा पहुंचकर धार्मिक डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड की जानकारी ली।
धार्मिक डेरा कर सेवा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे कैद हुई घटना
नानकमत्ता। धार्मिक डेरा कार सेवा के अहाते में कुर्सी पर बैठे बाबा तरसेम सिंह को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर की गई हत्या की घटना यहां डेरा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, हमलावर घटना कर मौके से भाग गये।जिले के पुलिस कप्तान डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सीसीटीवी फुटेज से घटना का अवलोकन करते हुए एक्सपोर्ट द्वारा सीसीटीवी से मिली हमलावरों की तस्वीर को शिनाख्त के लिए सार्वजनिक किया है।
फॉरेंसिक टीम ने उठाए घटनास्थल से ब्लड के सैंपल।
नानकमत्ता। धार्मिक डेरा कर सेवा पहुंचे फॉरेंसिक टीम के विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल पर पड़े ब्लड के सैंपल को सुरक्षित उठाया गया है। जिसे जांच हेतु लैब में ले जाया जाएगा वहीं घटना स्थल से मिली दोनों पैरों की चप्पल व कुर्सी को सील किया गया है ।
डेरा प्रमुख की हत्या के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ नानकमत्ता साहिब
नानकमत्ता। धार्मिक डेरा कर सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के बाद यहां भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या काण्ड को लेकर संगत में भारी रोष दिखाई दे रहा है। कई राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के लोगों ने धार्मिक डेरा कार सेवा पहुंच कर शोक व्यक्त किया ।
नानकमत्ता। धार्मिक डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या की जानकारी होने पर तमाम राजनैतिक संगठनो के लोगों ने डेरा कार सेवा पहुंच कर शोक व्यक्त किया । यहां किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, जिला पंचायत अध्यक्ष पति सुरेश गंगवार, सुखदेव सिंह नामधारी, ज्ञानी करनैल सिंह,गुरजीत सिंह, देवेन्द्र सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। वहीं शोक में नानकमत्ता बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा ।
डा. मंजूनाथ टीसी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर।




