रुद्रपुर। ठेकेदार व उनके साथियों ने खेतों में काम करने के बाद मजदूरी का पैसा मांगने पर महिला पुरुष मजदूरों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत करने पर गदरपुर थाना पुलिस ने घायलों का अस्पताल में उपचार तो करवा दिया परंतु हमलावरों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। आज सभी घायल न्याय के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
एसएसपी कों सौंपे शिकायती पत्र में मदन सिंह पुत्र मोहन सिंह, निवासी खेमपुर पलका चौड़, गदरपुर का कहना है कि उसका पुत्र कन्हई सिंह ठेकेदार के साथ पल्लेदारी का काम करता है तथा उसके कहने पर गाँव की औरतों को मटर तोड़ने के लिए बुलाता था। आरोप ही ठेकेदार ने उसकी चार माह की दिहाड़ी, पुत्र की तीन माह की तथा उसकी पत्नी व पुत्री की भी तीन-तीन माह की दिहाड़ी रोक रखी थी तथा गाँव की अन्य महिलाओं की भी दिहाड़ी का भुगतान ठेकेदार द्वारा नहीं किया गया था। 1 अप्रैल को सुबह को गाँव की कुछ औरतें अपनी मजदूरी के पैसे माँगने ठेकेदार के घर गई थी। अपनी मजदूरी के पैसे माँगे तो ठेकेदार ने औरतों के साथ गाली-गलौज की तथा मजदूरी के पैसे देने से इनकार कर दिया तथा धमकी दी दोबारा यहां पैसा मांगने मत आना वरना बुरा हाल करूँगा।महिलाओं ने इस बात की शिकायत उससे की क्योंकि वह ही उक्त महिलाओं को मजदूरी हेतु बुलाया था तथा मजदूरी का भुगतान ठेकेदार का साथी पल्लेदार देता था। सभी महिलाओं व अपनी मजदूरी के संबंध में पल्लेदार के पास उसके घर गया तथा अपनी व उक्त सभी लोगों की मजदूरी के दिए जाने के संबंध मे बात की। पल्लेदार बोला किसी को कोई मजदूरी नहीं मिलेगी तथा उसे अपने घर से घसीटता हुआ सड़क पर आ गया। तभी पल्लेदार के परिजन हाथों में डंडे व पंजे लेकर आ गए तथा लात-घूंसों व डंडों से मारा। जब उसे बचाने परिजन आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। मदन सिंह का कहना है कि वह परिवार के साथ खून से लथपथ हालत में ही थाना गदरपुर पहुंचा। जहां पुलिस द्वारा सभी का उपचार कराया गया। घटना की शिकायत थाना गदरपुर में दी गई थी, किन्तु आज दिन तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।




