रुद्रपुर। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार दिनेशपुर वार्ड 5 निवासी 21 वर्षीय ज्योति पत्नी अभिषेक की गत सायं तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने बताया कि अभिषेक नशा का आदी है। उसने ज्योति के नाम से महिला समूह के मध्ये बैंक से 6 लाख रुपये का लोन लिया था। लेकिन किस्त जमा नहीं कर रहा था। जिसको लेकर दोनों का अक्सर झगड़ा होता था। उनका आरोप था कि बीमार होने पर भी ज्योति का इलाज नहीं करवाता था और नशे में पैसा खर्च करता था। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ज्योति की अभिषेक ने ही हत्या की है। इधर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जायेगी।




