रूद्रपुर। तीव्र गति से जाते अज्ञात वाहन चालक द्वारा काशीपुर मार्ग पर गूलरभोज मोड़ के पास सामने जाते कन्टेनर को टक्कर मार देने से कन्टेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।कुछ ही देर में मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक चालक के शव को वाहन से बाहर निकाल कर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार समाधि पुर थाना बिशारतगंज बरेली निवासी शायर खान पुत्र दिलशाद कंटेनर संख्या यूपी 21 सीएन 6357 का चालक था। वह गत दिवस बहराइच से भूसी लेकर काशीपुर को रवाना हुआ था। आज प्रातः वह काशीपुर रोड़ पर गूलरभोज मोड़ के पास पहुंचा तो इसी दौरान पीछे की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उसके कन्टेनर को जोर से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कन्टेनर चालक शायर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ चालक शायर खान की कुछ ही देर में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक चालक के शव को वाहन से बाहर निकाल कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।




