रूद्रपुर। नैनीताल मार्ग स्थित पॉश कालोनी मेट्रोपोलिस सिटी की दोनों एसोसिएशनों के मध्य चल रही खींचतान पुलिस की चौखट तक पहुंच गई है। आज कालोनी की मैट्रोपोलिस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने सिडकुल चौकी प्रभारी को तहरीर सौंपकर कालोनी की दूसरी एसोसिएशन मैट्रोपोलिस रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन पर करोड़ों का घोटाला करने सहित अन्य कई गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। तहरीर में एसोसिएशन सचिव राजीव भारद्वाज व अन्य लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि दूसरी एसोसिएशन के कार्य में भारी अनियमिततायें बरती जा रही है। बिजली के बिल मनमाने वसूले जा रहे हैं, वर्षों से एसोसिएशन ने कोई हिसाब नहीं दिया है। बिजली रिचार्ज केवल नगद ही कराया जा रहा है। उनका कहना है कि उक्त एसोसिएशन का 20.10.2017 से आज तक कोई चुनाव नहीं कराया गया है। साथ ही करीब 12 करोड़ का घोटाला किया गया है। तहरीर देने आये लोगों ने चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली को मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान वीरपाल, विनय दूबे, रवि सिंह आदि मौजूद रहे।




