किच्छा। बरेली रोड सुगौली के पास स्थित एक गोदाम में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बरेली रोड वीर शिवा स्कूल के पास स्थित शिवम इंटरप्राइजेज के गोदाम में बुधवार प्रातः करीब छह बजे अचानक आग लग गई । जिसकी सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को दी गई । लोगों ने खुद आग बुझाने का भी प्रयास किया लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। सूचना पर एक दमकल वाहन आग बुझाने के लिए पहुंचा लेकिन आग बुझाने में सफल नहीं हो सका जिस पर आनन फानन में आसपास के क्षेत्र से दमकल की तीन और गाड़ियां बुलाई गई। आग बुझाने के लिए जेसीबी मशीन से गोदाम की दीवारों को तोड़ना पड़ा। जिसके बाद पानी की बौछार की गयी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गोदाम में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। गोदाम क्षति का आकलन नहीं हो सका है। गोदाम स्वामी आवास विकास निवासी प्रकाश गोयल ने उक्त गोदाम को आवास विकास के ही निवासी सचिन जिंदल को किराये पर दिया है। सचिन जिंदल आटा, चोकर सूजी आदि के थोक व्यवसायी हैं। उन्होंने लाखों का माल गोदाम के भीतर स्टॉक किया था जो जलकर राख हो गया। घटना के समय गोदाम स्वामी शहर से बाहर थे, जिस कारण अग्निकांड में हुए नुकसान का विवरण नहीं मिल पाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से गोदाम में आग लगी है।




