बाजपुर रोड ग्राम परमानंदपुर के पास स्थित कैलाश रिवर माइनिंग कंपनी के चेकपोस्ट पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां खड़े डंपर की चपेट में आकर ग्राम परमानंदपुर निवासी मोहम्मद फैजान (30) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण और परिजन चेकपोस्ट पहुंचे। उन्होंने कंपनी कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस और सीओ दीपक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और बमुश्किल आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया।




