रूद्रपुर। नगर निगम द्वारा कल्याणी नदी के दोनों ओर बीस बीस मीटर तक बसे लोगों को मकान ध्वस्तीकरण का नोटिस दिये जाने के विरोध में वार्ड 17,18 व 19 के निवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
उनका कहना था कि यहां सैकड़ों परिवार पिछले कई दशकों से निवास कर रहे हैं। यदि प्रशासन द्वारा उन्हें उजाड़ दिया गया तो उनके समक्ष आवास के साथ ही रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जायेगा। घर के बच्चे व बुजुर्ग बरसात में कहा जायेंगे। वह वार्ड नंबर 17, 18 एवं 19 के रहने वाले है। उनकी कालोनी के साथ एक नाला निकलता है। जिसमें सभी घरों का पानी ड्रेनेज होता है। उन्होंने कहा कि जिसमें कालोनी के लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। अब यहां नगर निगम की ओर से नोटिस प्राप्त हुए हैं जिसमें नाले के मध्य से दोनों ओर 20-20 मीटर तक के मकानों को ध्वस्त किये जाने को सूचना मिली। उन्होंने कहा उनके पास रहने के लिए कहीं अन्य जगह नहीं है। यदि उन्हें यहाँ से उजाड़ा जाता है तो उजाड़ने से पहले उन्हें अन्य किसी स्थान पर बसाया जाये ताकि बरसात के मौसम में लोग अपने अपने परिवार के साथ रह सके और इस नोटिस पर तत्काल रोक लगायी जाये। इस दौरान पुष्पा देवी, इन्दू, आशा, आरिफ अली , शाहिद खान ,इरशाद अंसारी ,कृतिका, आरती, रेनू शर्मा, चंद्रवती, गीता, मंजू देवी, प्रेमवती, राम प्रकाश, धर्मेंद्र, मनोज, अमन, सरजन, रमेश आदि समेत कईवार्डवासी मौजूद थे।




