खटीमा। विकास खंड के भुड़ा किशनी गांव की बहु सोनी भंडारी सेना में लेफ्टिनेंट बन जब पहली बार अपनी ससुराल खटीमा पहुंची तो पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। इस दौरान ससुराल पक्ष तथा क्षेत्रवासियों ने लेफ्टिनेंट सोनी का कुमाऊनी छोलिया नृत्य तथा वाद्य यंत्रों, आतिशबाजी व फूलों की बर्षा कर भव्य स्वागत किया। खटीमा की बहु सोनी शादी के मात्र 34 दिन बाद अपने पति को सड़क दुर्घटना में खोने बाद प्रतिष्ठित सीडीएस परीक्षा पास कर सेना में लेफ्टिनेंट बनी है। सोनी के दिवंगत पति नीरज भंडारी भी 18 कुमाऊं रेजिमेंट में सेना के जवान थे। वहीं सोनी भंडारी उन हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हैं जो अपने जीवन में इस तरह की दुखद घटनाओं के बाद बेहद टूट जाती है। आपको बता दें कि दिसंबर 2022 मे हल्द्वानी निवासी सोनी बिष्ट की शादी खटीमा निवासी आर्मी जवान नीरज भंडारी के साथ हुई थी। लेकिन उनके जीवन में ऐसा भूचाल आया कि 34 दिन बाद ही उनके पति नीरज की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। तब से लेकर कठिन संघर्षों और परिश्रम करने के बाद सोनी सेना में लेफ्टिनेंट बन गई और लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार सोनी के खटीमा पहुंचने पर अफसर बहुत के स्वागत में पूरा इलाका उमड़ पड़ा। सीडीएस परीक्षा पास करने के बाद राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोनी को सेना में अफसर बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
सोनी ने इस उपलब्धि पर अपने माता पिता, ससुराल पक्ष, मेंटर व अपने दिवंगत पति नीरज भंडारी के साथ भावनात्मक लगाव को श्रेय दिया है। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी इस तरह की परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की सलाह दी है। वहीं भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रिटायर्ड कैप्टन गंभीर सिंह धामी व उनकी पूरी टीम ने शॉल ओढ़ाकर अफसर बहुत सोनी का स्वागत अभिनंदन किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी है।




