रुद्रपुर। किच्छा के चर्चित विक्रांत बागी हत्याकांड के बाद फरार चल रहे दो आरोपियों को रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बॉर्डर चेकिंग के दौरान की गई।
मुखबिर की सूचना पर ब्लॉक रोड पर घेराबंदी की गई, जहां मोटरसाइकिल से उत्तर प्रदेश की ओर भाग रहे सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर और अंकित सागर उर्फ गट्टी को पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों के कब्जे से .315 बोर के दो अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील और वीडियो पोस्ट कर खुद को गैंगस्टर के रूप में पेश करते थे और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश करते थे। किच्छा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद दोनों फरार होने की तैयारी में थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




