ताली और थाली के बाद व्यापारियों ने निकाला जुलूस
रुद्रपुर । जी 20के सम्मेलन को लेकर रुद्रपुर शहर में प्रशासन की तरफ से जो कार्रवाई की जा रही है उसको लेकर पिछले 3 दिनों से राम मनोहर लोहिया मार्केट के तमाम दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर धरने पर बैठ चुके हैं । इन 3 दिनों में तमाम राजनीतिक दल के लोग भी उन्हें अपना समर्थन देने पहुंचे, लेकिन अब व्यापारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यहां कोई भी राजनीतिक दल से जुड़ा व्यक्ति अपनी नेतागिरी करने ना आए यदि वह समर्थन देता है तो उसका स्वागत है । इसके अलावा वह व्यापारियों को लेकर किसी भी प्रकार की टीका टिप्पणी ना करें क्योंकि यह व्यापारियों की लड़ाई है और व्यापारी ही इसे लड़ेंगे। पिछले दिनों जी-20 की बैठक को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रारंभ किया था जिसके तहत बस अड्डे की तरफ तमाम खोखे और फड जेसीबी मशीन के जरिए उड़ा दिए गए थे। उसके बाद राम मनोहर लोहिया बाजार की बारी थी, लेकिन इसके विरोध में वहां के तमाम व्यापारी लामबंद हो गए और उन्होंने धरना शुरू कर दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा पूरे दमखम से इन व्यापारियों को अपना सहयोग दे रहे हैं । उन्होंने सीधा इसका ठीकरा अधिकारियों के सर पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत के चलते यह काम किया जा रहा है और अधिकारी नहीं चाहते कि व्यापारी अपना रोजगार कर सके। एक षड्यंत्र के तहत दुकानें तोड़कर अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहते हैं। वही राम मनोहर लोहिया मार्केट के अध्यक्ष आशू ग्रोवर ने इस पर चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर कोई भी राजनीतिक दल अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास ना करें अगर वह समर्थन देने आते हैं तो उनका स्वागत है अन्यथा यह लड़ाई सिर्फ व्यापारियों की है और व्यापारी ही लड़ेंगे। इस दौरान किसान संघ के भी तमाम लोगों ने व्यापारियों को अपना समर्थन दिया।




