रुद्रपुर। जिला अस्पताल में शुक्रवार को जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों और तीमारदारों के सामने अचानक मौत का मंजर आ गया। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में चाकू से हुए हमले और हत्या ने पूरे अस्पताल को दहला दिया। हमले के दौरान मची चीख-पुकार से अस्पताल में अफरातफरी फैल गई। जान बचाने के लिए मरीज और तीमारदार इधर-उधर भागने लगे। जिस अस्पताल में लोग उपचार और राहत की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, वहीं कुछ ही पलों में दहशत का माहौल बन गया और सन्नाटा पसर गया।जिला अस्पताल में रोजाना की तरह मरीजों और तीमारदारों की अच्छी खासी भीड़ थी। आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों को दिखाने के लिए लोग कतार में खड़े थे, जबकि कई मरीजों का उपचार चल रहा था। ओपीडी में भी मरीजों की आवाजाही लगी हुई थी। भर्ती मरीजों का हाल जानने के लिए तीमारदार भी अस्पताल पहुंच रहे थे। कुल मिलाकर अस्पताल का माहौल सामान्य था।हल्द्वानी रेफर करने की कर रहे थे तैयारी
अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में मौजूद लोग एक पल के लिए कुछ समझ ही नहीं सके। दिनदहाड़े अस्पताल में हुई इस वारदात को देखकर वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों की चीखें निकल गईं। कोई जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा तो कोई अस्पताल के कमरों और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़ा।
