रुद्रपुर। जिला अस्पताल में हुए नितेश हत्याकांड के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों की ओर से हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलाने की मांग के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को प्रशासन की टीम ने हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ ही बुलडोजर चलाकर छज्जा और स्लैब तोड़ दिए। इसके अलावा भवनों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। नोटिस के अनुसार, 15 दिन के भीतर मकान और प्रतिष्ठानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। हत्याकांड के बाद से ही स्वजन आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर भी स्वजन और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का एलान करते हुए धरना दिया था। प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद मामले में हलचल तेज हो गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर भवनों के हिस्सों को ध्वस्त किया और आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किए। हत्यारोपितों के घर और प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई के दौरान लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मौके पर भीड़ जुटने के चलते प्रशासन और पुलिस की टीम को व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहना पड़ा।