रुद्रपुर। जगतपुरा निवासी 36 वर्षीय नितेश जौहरी की हत्या के मामले में परिजनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर मृतक के परिजन धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर नितेश जौहरी अपने घायल कर्मचारी कशिश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में नितेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
नितेश की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मोबाइल की दुकान से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
इधर, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। धरने और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
