काशीपुर निवासी काशिफ अली की शिकायत पर उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि एक उप निरीक्षक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा कुर्की आदेश निरस्त होने के बावजूद घर की कुर्की किए जाने का प्रयास किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए आयोग ने एसएसपी से निर्धारित तिथि तक आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के सदस्य गिरधर सिंह धर्मशक्तु द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शिकायत पत्र की प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर को भेजी जाए और पूरे मामले की रिपोर्ट 16 जुलाई 2026 तक आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक आवश्यक कार्रवाई और रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो आयोग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।




